पिपरा माहिम गांव में रात के समय जेसीबी से हो रही थी नींव की खुदाई, मलबे में दबे चार मजदूर
गोंडा
गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के पिपरा माहिम गांव में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मासूम-ए-मिल्लत नामक मजार के निर्माण के लिए नींव की खुदाई की जा रही थी, जब अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, नींव की खुदाई का काम फरजान रजा की निगरानी में जेसीबी मशीन से किया जा रहा था। देर रात मजार के दोनों ओर मिट्टी हटाई जा रही थी, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और चार लोग मलबे में दब गए।
तीन की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
हादसे में फरजान रजा, शकील मोहम्मद और अशद (तीनों निवासी पिपरा माहिम), तथा फकीर मोहम्मद (निवासी रजवापुर, थाना मनकापुर) मलबे में फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और सभी को मलबे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लाहनगर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शकील, अशद और फकीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल फरजान रजा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव में मातम, जांच जारी
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। छपिया थाने के प्रभारी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
