देश में सक्रिय केस की संख्या 257 तक पहुंची, केरल में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
नई दिल्ली
कोविड-19 एक बार फिर से दुनिया के कई देशों में अपना असर दिखा रहा है। एशियाई देशों में खासकर इसका प्रभाव तेजी से बढ़ा है। हांगकांग, सिंगापुर और चीन के कुछ हिस्सों में संक्रमण की लहर के बाद अब इसका असर भारत में भी नजर आने लगा है।
22 मई, गुरुवार तक भारत में कोविड के कुल 257 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। 12 से 19 मई के बीच देश में 164 नए केस सामने आए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस सप्ताह सबसे ज्यादा 95 केस केरल में दर्ज हुए हैं, जो कि पिछले सप्ताह की तुलना में 69 अधिक हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 66 और महाराष्ट्र में 56 केस पाए गए।
स्थिति नियंत्रण में, लेकिन सतर्क रहने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल देश में स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, अधिकतर मामलों में संक्रमण के लक्षण हल्के हैं। हालांकि, महाराष्ट्र में दो मौतें रिकॉर्ड की गई हैं, जिनमें से दोनों मरीज पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे।
JN.1 वैरिएंट बना कारण
मेडिकल रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार संक्रमण की लहर के पीछे ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट्स को जिम्मेदार माना जा रहा है। JN.1 को भारत में प्रमुख वैरिएंट माना गया है, जबकि कुछ देशों में LP.8.1 के कारण भी केस बढ़े हैं।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनें, हाथों की सफाई का ध्यान रखें और कोविड के लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
