अखिलेश यादव का BJP पर तंज, कहा- ‘जो पीड़ित है, वही पीडीए है’
लखनऊ
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पुराने राजनीतिक घावों पर फिर से नमक छिड़का है। जून 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के एक साल पूरे होने पर उन्होंने इस ऐतिहासिक दिन को याद करते हुए कहा कि उस चुनाव परिणाम ने पीड़ितों की राजनीति (पीडीए) की मजबूती का परिचय दिया।
पिछले साल 4 जून को आए लोकसभा चुनाव के नतीजों में समाजवादी पार्टी ने रिकॉर्ड 37 सीटें जीतकर अपनी ताकत साबित की थी। कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि यह दिन यूपी की राजनीति में साम्प्रदायिकता से ऊपर उठकर सकारात्मक, सौहार्दपूर्ण और जन संवेदना पर आधारित राजनीति की शुरुआत का प्रतीक है।
पीडीए को बताया भविष्य का रास्ता
उन्होंने कहा कि पीड़ित, दुखी और अपमानित पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक, महिलाएं, आदिवासी, गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी, नौकरीपेशा और बेरोज़गार युवा हर वर्ग के लोग पीड़ितों की राजनीति से जुड़कर एक बड़े ‘पीडीए परिवार’ का निर्माण कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने साफ शब्दों में कहा, “पीड़ित ही पीडीए है और पीडीए ही भविष्य है।”
