युद्ध जैसे हालात के बीच फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की अनाउंसमेंट पर उठे सवाल
मुंबई।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच, एक नई फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घोषणा ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं पैदा कर दी हैं। यह फिल्म हाल ही में भारत द्वारा पाकिस्तान में चलाए गए सैन्य अभियान पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म का निर्देशन उत्तम माहेश्वरी और नितिन कुमार गुप्ता करेंगे, जबकि निर्माण का जिम्मा निकी विकी भगनानी फिल्म्स और द कंटेंट इंजीनियर ने लिया है।
पैपराजी पेजों पर हुआ पोस्टर रिलीज
फिल्म की जानकारी सबसे पहले पॉपुलर इंस्टाग्राम पैपराजी अकाउंट्स पर साझा की गई। वायरल भयानी के पेज पर पोस्टर शेयर करते हुए बताया गया कि यह फिल्म भारत की ‘सबसे बहादुरी भरी स्ट्राइक’ पर आधारित है। पोस्टर में एक महिला सेना अधिकारी को दर्शाया गया है, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि यह फिल्म महिला-केंद्रित हो सकती है।
यूजर्स ने जताई नाराजगी, बताया ‘असंवेदनशील कदम’
फिल्म की टाइमिंग को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना देखने को मिल रही है। कई यूजर्स ने इसे युद्ध जैसे हालात का व्यावसायिक फायदा उठाने का प्रयास बताया है।
- एक यूजर ने लिखा, “युद्ध अभी चल रहा है और आप फिल्म बनाने की घोषणा कर रहे हैं? शर्मनाक है।”
- दूसरे ने कहा, “AI जनरेटेड पोस्टर के साथ जंग का मजाक बनाना बहुत निराशाजनक है।”
- एक यूजर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पूरे बॉलीवुड को शर्म आनी चाहिए, हर मुद्दे को मार्केटिंग का मौका बना देते हो।”
कास्ट और रिलीज डेट पर सस्पेंस बरकरार
फिल्म के निर्देशन और निर्माण से जुड़ी जानकारी सामने आने के बावजूद, कास्ट और रिलीज डेट का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है। पोस्टर में दिख रही महिला अधिकारी को लेकर भी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
