ऑपरेशन सिंदूर: भारत के साथ संघर्ष में अब तक सच्चाई छुपाता रहा पाकिस्तान
अब सरकारी मीडिया के जरिए पहली बार कबूला बड़ा नुकसान
इस्लामाबाद। भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद आखिरकार पाकिस्तान ने पहली बार अपने भारी नुकसान को कबूल कर लिया है। अब तक खुद को ‘विजेता’ बताने वाले पाकिस्तान ने स्वीकार किया है कि भारत के साथ हुए संघर्ष में उसके 11 सैन्य अधिकारी मारे गए हैं और 78 से ज्यादा घायल हुए हैं।
पाकिस्तान की सरकारी मीडिया पीटीवी के अनुसार, भारत के हमलों का जवाब देते हुए पाकिस्तानी सेना ने “बहादुरी से” लड़ाई लड़ी, लेकिन इसके दौरान सैन्य और नागरिक दोनों क्षेत्रों में बड़ी क्षति हुई।
मारे गए पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों की सूची
सेना के शहीद जवान:
- नायक अब्दुल रहमान
- लांस नायक दिलावर खान
- लांस नायक इकरामुल्लाह
- नायक वकार खालिद
- सिपाही मुहम्मद अदील अकबर
- सिपाही निसार
वायु सेना के मारे गए अधिकारी:
- स्क्वाड्रन लीडर उस्मान यूसुफ
- मुख्य तकनीशियन औरंगजेब
- सीनियर तकनीशियन नजीब
- कॉर्पोरल तकनीशियन फारूक
- वरिष्ठ तकनीशियन मुबाशिर
नागरिकों की भी जान गई
पीटीवी की रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि भारतीय हमलों में 40 नागरिकों की मौत हुई, जिनमें 7 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा 121 से अधिक नागरिक घायल हुए हैं।
पाकिस्तान की चुप्पी टूटी
अब तक जंग में खुद को मजबूत दिखाने वाला पाकिस्तान अचानक अपनी ही सरकारी रिपोर्ट के ज़रिए असलियत कबूल कर रहा है। यह इस बात का संकेत है कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को सैन्य और मानसिक दोनों मोर्चों पर गहरे झटके दिए हैं।