भारत के आगे बेबस पाकिस्तान, शहबाज ने कहा- ‘विवाद सुलझाना चाहते हैं’
नई दिल्ली
ऑपरेशन सिंदूर में करारी हार के बाद अब पाकिस्तान नरम पड़ता दिख रहा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को भारत से सभी प्रमुख मुद्दों पर बातचीत और शांतिपूर्ण समाधान की इच्छा जताई। इनमें कश्मीर, आतंकवाद, जल बंटवारा और व्यापार जैसे विवाद शामिल हैं।
शहबाज शरीफ इस समय चार देशों के दौरे पर हैं और उन्होंने यह बयान ईरान की राजधानी तेहरान में दिया, जहां वे दौरे के दूसरे चरण में पहुंचे हैं। तेहरान में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात के बाद हुए संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में शरीफ ने कहा, “अगर भारत शांति चाहता है तो हम गंभीर और ईमानदार बातचीत को तैयार हैं। लेकिन अगर युद्ध का रास्ता चुना गया, तो पाकिस्तान जवाब देने में पीछे नहीं हटेगा।”
हालांकि, शरीफ ने फिर से दावा किया कि हाल ही में भारत के साथ हुए चार दिवसीय संघर्ष में पाकिस्तान को जीत मिली है। यह वही संघर्ष है जिसे भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया था और जिसमें भारतीय सेना ने पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुँचाया।
भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह केवल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की वापसी और आतंकवाद पर कार्रवाई जैसे अहम मुद्दों पर ही बातचीत करेगा।
तेहरान में शहबाज शरीफ ने ईरानी राष्ट्रपति द्वारा भारत-पाक टकराव को लेकर चिंता जताने पर आभार व्यक्त किया। इसके अलावा उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची की भी तारीफ की और उन्हें एक उत्कृष्ट राजनयिक बताया।
इस यात्रा में शहबाज शरीफ के साथ पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर, गृह मंत्री मोहसिन रजा नकवी, सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार और प्रधानमंत्री के विशेष सहायक तारिक फातमी भी शामिल हैं।
