अहमदाबाद हादसे के बाद यात्रियों में बढ़ा डर, बीते एक हफ्ते में एयरलाइन इंडस्ट्री में आई कई तकनीकी गड़बड़ियाँ उजागर
कोलकाता: एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट AI180 में तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों को मंगलवार तड़के कोलकाता हवाई अड्डे पर उतारा गया। एयरलाइन के मुताबिक विमान के बाएं इंजन में तकनीकी समस्या पाई गई, जिसके चलते उड़ान में देरी हुई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को सुबह 5:20 बजे विमान से नीचे उतरने को कहा गया।
फ्लाइट निर्धारित समय अनुसार 12:45 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी, लेकिन चार घंटे बाद विमान में खराबी की पुष्टि के बाद सभी यात्रियों को उतारने का फैसला किया गया।
अहमदाबाद हादसे ने डर बढ़ाया
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब महज पांच दिन पहले अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद एक छात्रावास भवन से टकरा गई थी, जिसमें 241 लोगों की मौत हो गई थी।
लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियाँ
- AI315 (हांगकांग-नई दिल्ली): उड़ान के दौरान संदेहास्पद तकनीकी खराबी के चलते विमान को लौटना पड़ा।
- ब्रिटिश एयरवेज BA35 (लंदन-चेन्नई): फ्लैप सिस्टम में गड़बड़ी, हवा में ईंधन गिराकर सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई।
- लुफ्थांसा LH752 (फ्रैंकफर्ट-हैदराबाद): बम की धमकी मिलने पर फ्लाइट को वापस फ्रैंकफर्ट लौटना पड़ा।
- सऊदी विमान (जेद्दा-लखनऊ): लैंडिंग के वक्त पहियों से धुआं निकलता देखा गया, दमकल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पिछले कुछ दिनों में देश और विदेश में लगातार विमान संबंधी घटनाओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में विमानन सुरक्षा को लेकर नए सिरे से मंथन की ज़रूरत महसूस की जा रही है।