जो सांसद रहे एक्टिव उन्हें ग्रीन, इनएक्टिव को रेड कार्ड
भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांसदों के लिए एक अनोखा रिपोर्ट कार्ड सिस्टम लागू किया है। पार्टी ने सांसदों की परफॉर्मेंस और सोशल मीडिया एक्टिविटी के आधार पर उन्हें अलग-अलग रंग के कार्ड दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक –
- जो सांसद सक्रिय और बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें ग्रीन कार्ड दिया गया है।
- जिनकी परफॉर्मेंस सामान्य मानी गई है, उन्हें येलो कार्ड।
- और जो सांसद सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं हैं या फिर अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे, उन्हें मिला है रेड कार्ड।
खास बात ये है कि बीजेपी लगातार अपने सांसदों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने और जनता से जुड़े रहने के लिए प्रेरित कर रही है। सोशल मीडिया पर इनएक्टिव रहने वाले नेताओं को चेतावनी के तौर पर लाल रंग का कार्ड देना पार्टी का संदेश है कि अब हर सांसद को जनता तक सीधा संवाद बनाए रखना होगा।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले चुनावों में सोशल मीडिया की भूमिका बेहद अहम होने वाली है, और यही वजह है कि बीजेपी अपने सांसदों को डिजिटल स्पेस में भी उतना ही मजबूत देखना चाहती है जितना ज़मीनी स्तर पर।
कैसे तैयार किया गया रिपोर्ट कार्ड
इस रिपोर्ट में Inactive के लिए लाल रंग, Barely active के लिए पीला और active के लिए हरे रंग का प्रयोग किया गया है. किसी एक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किसी सांसद के एक महीने में शून्य पोस्ट है तो उस सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म की कैटेगरी मे उस सांसद को Inactive कैटेगरी में रखा गया है.
अगर किसी एक सांसद ने किसी एक सोशल मीडिया कैटेगरी मे एक महीने मे 0 से 60 के बीच पोस्ट किया है तो उस सोशल मीडिया प्लेटफार्म की कैटेगरी में उस सांसद को Barely Active और एक महीने में 60 से उपर पोस्ट करने वाले सासंद को उस सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म की कैटेगरी में Active श्रेणी में रखा गया है.
पीएम मोदी ने दिया था सक्रियता बढ़ाने का सुझाव
रविवार को पीएम मोदी ने भी कार्यशाला में बीजेपी सांसदों से संवाद पर जोर देने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सक्रियता को बढ़ाने को कहा था. पीएम ने कहा था कि इंस्टाग्राम , फेसबुक, यूट्यूब और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सक्रियता से वोटरों के साथ ही युवा वोटरों से संवाद भी होता है और जुड़ाव भी बनता है.
उन्होंने कहा कि केवल विकास से चुनाव नहीं जीता सकता. उसके लिए लोगों से संवाद करना और जुड़ना भी बेहद ज़रूरी है. बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या ने सोशल मीडिया की भूमिका पर कार्यशाला में प्रेजेंटेशन भी दिया.
