स्वास्थ्य मंत्रालय सतर्क, लोगों से घबराने की बजाय सतर्कता बरतने की अपील
नई दिल्ली
भारत में एक बार फिर से कोविड-19 संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। केरल, कर्नाटक और अब महाराष्ट्र में एक्टिव केसों की संख्या में तेजी से इजाफा देखा जा रहा है। देशभर में वर्तमान में 363 एक्टिव कोविड मरीज हैं और पिछले दो दिनों में दो लोगों की मौत दर्ज की गई है।
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 43 नए मामले सामने आए हैं। बढ़ते मामलों के बीच ठाणे जिले में एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को ठाणे के छत्रपति शिवाजी महाराज कलवा अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है, जिनकी कोविड रिपोर्ट बाद में पॉजिटिव पाई गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मृतक पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे और उनकी मृत्यु 17 मई को मल्टी-ऑर्गन फेलियर की वजह से हुई।
राज्य में फिलहाल 38 नए कोविड मामले सामने आए हैं, जिनमें से 32 केस सिर्फ बेंगलुरु से रिपोर्ट हुए हैं।
राज्यों की एडवाइजरी और केंद्र की समीक्षा
कोविड केसों में मामूली बढ़ोतरी को देखते हुए दिल्ली, कर्नाटक और अन्य राज्यों ने एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि स्थिति चिंताजनक नहीं है और अधिकतर मामले हल्के लक्षणों वाले हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में बढ़ते मामलों को लेकर समीक्षा बैठक की। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोग अधिकतर घर पर ही ठीक हो रहे हैं।
क्या करें आम लोग?
- अनावश्यक भीड़ से बचें
- मास्क पहनना फिर से आदत बनाएं
- लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं
- बुजुर्ग और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए