पानीपत
आईएसआई के कमांडर से मिला था मिशन; दिल्ली-जम्मू ट्रेन थी टारगेट
हरियाणा पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए पानीपत से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी कर रहा था। पकड़े गए आरोपी का नाम नोमान इलाही है, जो कैराना के बेगमपुरा मोहल्ला का रहने वाला है।
नोमान चार महीने से पानीपत में अपनी बहन के पास रह रहा था और एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। इसी दौरान वह आईएसआई एजेंट इकबाल काना के संपर्क में आया और उसके लिए भारत में जासूसी करने लगा।
सेना की गतिविधियों की वीडियो भेजने का था टास्क
नोमान ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसे आईएसआई कमांडर इकबाल काना ने ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के दौरान श्रीनगर में सेना की गतिविधियों की वीडियो बनाकर भेजने का आदेश दिया था। इसके बदले उसे मोटी रकम देने का वादा किया गया था।
निशाने पर थी दिल्ली-जम्मू ट्रेन
आईएसआई की साजिश में दिल्ली से जम्मू जाने वाली सेना की ट्रेन को निशाना बनाना शामिल था। नोमान के मोबाइल से इस ट्रेन की कई वीडियो क्लिप्स बरामद हुई हैं। उसके फोन से कई संदिग्ध लोगों से बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मिली है।
स्लीपर सेल बनाने की साजिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नोमान ने यह भी बताया कि आईएसआई यमुना के खादर क्षेत्र में स्लीपर सेल तैयार कर रही है। इसके लिए हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है।
नोमान के घर से पासपोर्ट और दस्तावेज बरामद
हरियाणा पुलिस की टीम ने नोमान को लेकर कैराना में उसके घर की तलाशी ली, जहां से कई पासपोर्ट और दस्तावेज बरामद किए गए हैं। हालांकि, उसका लैपटॉप और पेन ड्राइव अभी तक नहीं मिल सके हैं, जिनमें आईएसआई से जुड़े फोटो और वीडियो होने की आशंका है।
नोमान को पानीपत सीआईए वन ने 7 दिन की रिमांड पर लिया है और पूछताछ जारी है। मामले में केंद्र, सेना, यूपी और हरियाणा की इंटेलिजेंस एजेंसियां भी शामिल हैं।
