पाक सेना के कमांडर ने मस्जिद में छिपकर दी सैनिकों को जान बचाने की सलाह
श्रीनगर
भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के तहत कुपवाड़ा जिले के टंगडार सेक्टर से लगे एलओसी पार लीपा घाटी में की गई जबरदस्त जवाबी कार्रवाई ने पाकिस्तानी सेना को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ढांचों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया।
सेना के सूत्रों के मुताबिक, भारी गोलाबारी के दौरान पाकिस्तानी सेना की 75वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड का कमांडर मोर्चा छोड़कर एक मस्जिद में जा छिपा। इंटरसेप्ट किए गए रेडियो संदेशों के अनुसार, कमांडर अपने सैनिकों से कह रहा था, “पहले जान बचाओ, चौकियां फिर बना लेंगे।” यह संदेश इस बात का प्रमाण है कि भारतीय सेना की कार्रवाई से पाक सेना में घबराहट फैल गई थी।
चिनार कोर के अधिकारियों ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कम से कम तीन चौकियां, एक आयुध डिपो, एक ईंधन भंडारण केंद्र और तोपखाने को पूरी तरह खत्म कर दिया गया। इन ढांचों को फिर से स्थापित करने में पाकिस्तान को आठ से दस महीने लग सकते हैं।
भारतीय रडार सिस्टम ने दिखाई ताकत
सेना अधिकारियों ने बताया कि भारत का स्वदेशी ‘आकाशदीप रडार सिस्टम’ पाकिस्तान के हवाई हमले को नाकाम करने में बेहद प्रभावी साबित हुआ। भारतीय सैन्य प्रतिष्ठान पूरी तरह सुरक्षित हैं जबकि दुश्मन को गहरा नुकसान हुआ है।
सेना ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान द्वारा किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन पर भारतीय सेना तीन गुना अधिक शक्ति से जवाब देगी। यह रणनीति अब भारतीय कार्रवाई की नई रीढ़ बनेगी।
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
टंगडार निवासी गुलाम कादिर ने बताया कि 8 से 10 मई के बीच पाकिस्तान की गोलाबारी से नागरिक इलाकों को निशाना बनाया गया, लेकिन भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद अब पाकिस्तान दोबारा ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेगा।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि मस्जिद से किया गया एलान भी इस ओर स्पष्ट संकेत देता है कि पाकिस्तान को अपने कृत्य पर पछतावा है।
