योग दिवस पर दिखी भारत की ताकत, विश्व ने माना ‘भारत ही योग गुरु’
नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में ऐतिहासिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां करीब 3 लाख लोगों और 40 देशों के राजनयिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इस आयोजन में आंध्र के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी उपस्थित रहे। मंच से प्रधानमंत्री ने योग को मानवता की भलाई के लिए एक सांझा वैश्विक प्रयास बताया। उन्होंने कहा, “योग का अर्थ है जोड़ना और इसने दुनिया को जोड़ा है।”

दिल्ली में, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना तट स्थित सोनिया विहार वॉटर स्पोर्ट्स क्लब में योग सत्र में भाग लिया। उनके साथ मंत्री प्रवेश वर्मा, सांसद मनोज तिवारी, मंत्री कपिल मिश्रा, और उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने तमिलनाडु के सेलम स्टील प्लांट में कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ योग किया। उन्होंने योग को केवल व्यायाम नहीं बल्कि आंतरिक शांति और मानसिक स्पष्टता का माध्यम बताया।

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने अमेरिका के टाइम्स स्क्वायर, न्यूयॉर्क में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया और इसे भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का गर्वपूर्ण क्षण कहा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योग दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेकर कहा कि, योग हमारे ऋषियों की परंपरा है। स्वस्थ शरीर ही सपनों को साकार कर सकता है। हर व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

इसके साथ ही BSF के जवानों ने भी पंजाब में भारत-पाकिस्तान सीमा पर जैसे अटारी-वाघा और हुसैनीवाला बॉर्डर पर योगाभ्यास किया। इन कार्यक्रमों के ज़रिए यह संदेश दिया गया कि योग एक जीवनशैली है, सिर्फ व्यायाम नहीं।
