देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, मुंबई और उत्तरी केरल में जलभराव और परिवहन सेवाएं ठप
नई दिल्ली। कुछ दिन की सुस्ती के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून अब मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात से लेकर उत्तर भारत तक तेजी से आगे बढ़ रहा है। केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर देश के अधिकांश हिस्सों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मुंबई में बारिश से शहर बेहाल, ट्रैफिक और फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित
मायानगरी मुंबई में सोमवार को मूसलधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़क यातायात, लोकल ट्रेन और मेट्रो सेवा बाधित हुई। औसतन 100 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्लास्टिक शीट उड़कर ओवरहेड वायर पर गिरने से घाटकोपर-अंधेरी-वर्सोवा मेट्रो सेवा प्रभावित हुई। 1 जून के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को समुद्र में ऊंची लहरों की चेतावनी दी गई है। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों को फ्लाइट शेड्यूल में संभावित बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तरी केरल में बाढ़ जैसे हालात, रेल और सड़क यातायात पर असर
रेड अलर्ट के बीच उत्तरी केरल के कन्नूर और कासरगोड जिलों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, कई जलाशय ओवरफ्लो हो रहे हैं। कई लोगों को राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। प्रमुख नदियां जैसे तेजस्विनी और पूझा उफान पर हैं, जिससे लोगों को जल निकायों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में भी मानसून की दस्तक, तापमान में गिरावट
जम्मू-कश्मीर में मानसून पूर्व बारिश के कारण तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। कुछ स्थानों पर हवाएं 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं। अमरनाथ यात्रा से पहले प्रदेश में मानसून सक्रिय हो सकता है। कटड़ा में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट (17-18 जून)
- रेड अलर्ट: गुजरात
- ऑरेंज अलर्ट: राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, असम, अरुणाचल प्रदेश
- येलो अलर्ट: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, तमिलनाडु, तेलंगाना, सिक्किम, अंडमान व निकोबार, पुडुचेरी