‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद प्रधानमंत्री का पंजाब का दौरा, एयरबेस पर जवानों से मुलाकात कर दिखाई पाक के झूठ की सच्चाई
नई दिल्ली
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तान और उसके संरक्षण में पनप रहे आतंकियों को करारा जवाब देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात की और मौजूदा हालात की जानकारी ली।
यह वही एयरबेस है जिसे लेकर पाकिस्तान ने झूठा दावा किया था कि उसने यहां भारतीय सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी पहले ही 11 मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन दावों को सिरे से खारिज कर चुके थे। अब प्रधानमंत्री मोदी के एयरबेस दौरे ने पाकिस्तान के इस दुष्प्रचार की पोल पूरी दुनिया के सामने खोल दी है।
एयरबेस पर प्रधानमंत्री की कई तस्वीरें सामने आई हैं। एक तस्वीर में उनके पीछे भारतीय लड़ाकू विमान दिखाई दे रहा है, जिस पर लिखा है— “क्यों दुश्मनों के पायलट ठीक से सो नहीं पाते?” इस संदेश ने भारत की सैन्य ताकत और आत्मविश्वास को भी बखूबी दर्शाया।
प्रधानमंत्री का यह दौरा न सिर्फ भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने वाला है, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट हो गया कि पाकिस्तान का झूठा प्रचार अब ज्यादा दिन नहीं चल पाएगा। सिरसा और आदमपुर एयरबेस पर कोई नुकसान नहीं हुआ है, और इसकी पुष्टि अब भारत के सर्वोच्च नेतृत्व ने मैदान में आकर कर दी है।
