टोक्यो ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट को टेरिटोरियल आर्मी में मानद पद
नई दिल्ली
जेवलिन थ्रो में भारत का नाम रोशन करने वाले नीरज चोपड़ा अब भाला ही नहीं, सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। उन्हें टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि दी गई है। यह सम्मान उन्हें खेल जगत में असाधारण योगदान और राष्ट्र के प्रति निष्ठा के लिए दिया गया है।
ओलंपिक गोल्ड और सिल्वर दोनों अपने नाम
नीरज टोक्यो ओलंपिक 2021 में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं और हाल ही में पेरिस ओलंपिक में उन्होंने रजत पदक भी अपने नाम किया। उनकी यह उपलब्धियां भारतीय एथलेटिक्स के लिए मील का पत्थर साबित हुई हैं।
सेना में पहले भी निभा चुके हैं भूमिका
नीरज 2016 में भारतीय सेना में नायब सूबेदार के रूप में शामिल हुए थे। 2018 में उन्हें सूबेदार पद पर प्रमोशन मिला था। अब लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में उनकी यह नई भूमिका, खेल और देश सेवा दोनों में उनके समर्पण की मिसाल है।
पुरस्कारों की लंबी सूची
जनवरी 2022 में उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा गया था। इसके अलावा नीरज को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ और 2022 में ‘पद्म श्री’ भी मिल चुका है।
भारत का गौरव बन चुके हैं नीरज
नीरज चोपड़ा न सिर्फ एक खिलाड़ी हैं, बल्कि वे युवा भारत के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने अपने खेल और अनुशासन से देश को गौरवान्वित किया है।