बिहार चुनाव से पहले राहुल का जबरदस्त प्लान, महिला और पिछड़े बनेंगे हथियार
गया जी
बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, कांग्रेस अपनी रणनीतिक तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार, 6 जून को एक बार फिर से बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। यह इस साल उनका बिहार का छठा दौरा है, जो कांग्रेस के लिए सामाजिक आधार को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस दौरे में राहुल गांधी सबसे पहले सुबह 10:15 बजे गया पहुंचेंगे, और 10:30 बजे ‘माउंटेन मैन’ के नाम से प्रसिद्ध दशरथ मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वे दशरथ मांझी के परिजनों से भी मिलेंगे।
राहुल गांधी का अगला पड़ाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला नालंदा रहेगा, जहां वे दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:45 बजे वे गया में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे, और फिर नालंदा के राजगीर में अत्यंत पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
नीतीश के वोटबैंक में सेंधमारी की तैयारी
कांग्रेस का यह प्रयास सीधे तौर पर नीतीश कुमार के पारंपरिक वोटबैंक महिलाएं (लगभग 48%) और अति पिछड़ा वर्ग (करीब 36%) को अपने पक्ष में करने की कोशिश है। पार्टी इन वर्गों को सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के मुद्दों पर जोड़ना चाहती है।
बिहार में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कोशिश
राहुल गांधी का लगातार बिहार दौरा इस बात का संकेत है कि कांग्रेस राज्य में अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन फिर से हासिल करने की कोशिश कर रही है। इस बार महागठबंधन में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (RJD), विकासशील इंसान पार्टी (VIP), CPI, CPM और CPIML जैसे दल शामिल हैं।
बिहार में अक्टूबर-नवंबर में संभावित चुनावों को देखते हुए कांग्रेस इस बार मैदान में पूरी तैयारी के साथ उतरना चाहती है।