मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी, पुलिस ने आरोपी को रातों-रात दबोचा
नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान श्लोक तिवारी के रूप में हुई है, जिसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने गाजियाबाद से पकड़ा। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शराब के नशे में यह कॉल की थी।
रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी
यह घटना गुरुवार देर रात की है, जब गाजियाबाद कोतवाली की डायल 112 सेवा पर एक अनजान कॉलर ने कॉल कर रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी। कॉल के बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस की और दो टीमें बनाकर आरोपी की गिरफ्तारी की।
रेखा गुप्ता कौन हैं?
रेखा गुप्ता वर्तमान में दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई में महासचिव रह चुकी हैं और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रही हैं। उनका जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी थे। 1976 में उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया, जहां से रेखा गुप्ता ने अपनी शिक्षा पूरी की और राजनीति में कदम रखा।