शाहदरा की इमारत में आग से अफरातफरी, दम घुटने से कई लोग घायल
नई दिल्ली
दिल्ली के शाहदरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। आग लगने के कारण धुएं का गुबार फैल गया, जिससे दो बच्चों समेत छह लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। दम घुटने की स्थिति में सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायलों को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में एक व्यक्ति झुलस गया है, जिसकी पहचान 30 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है। उसका इलाज भी अस्पताल में जारी है।
ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान लगी आग
बताया जा रहा है कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा चार्ज किया जा रहा था, तभी आग भड़क उठी। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।