पीएम मोदी को मिला नारी शक्ति का अद्भुत सम्मान
भोपाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। विशेष रूप से महिला शक्ति की उपस्थिति ने इस स्वागत को और भी गौरवशाली बना दिया।
यह आयोजन लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन का हिस्सा था। पीएम मोदी ने इस अवसर पर लोकमाता देवी अहिल्याबाई के जीवन और कार्यों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उनके सुशासन, महिला स्वावलंबन और धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण के योगदान को दर्शाया गया।
पुस्तकों, शोध और महिला हस्तशिल्प का अवलोकन
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देवी अहिल्या पर केंद्रित पुस्तकें और शोध पत्रों का भी अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने हथकरघा एवं हस्तशिल्प में संलग्न महिलाओं और ‘ड्रोन दीदी’ से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों जैसे ग्रामीण आवास योजना, पर्यटन, कृषि, और नगरीय निकायों में महिला प्रतिनिधित्व की भी जानकारी प्राप्त की।
प्रदेश के नवाचार और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की झलक
प्रदर्शनी में राज्य में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, धार्मिक स्थलों के उन्नयन और अन्य नवाचारों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया, जिन्हें पीएम मोदी ने सराहा।