सिंहस्थ 2028 में होगा स्नान का नया रिकॉर्ड, 24 घंटे में 5 करोड़ श्रद्धालुओं की व्यवस्था
भोपाल
सिंहस्थ 2028 को लेकर मध्यप्रदेश सरकार ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भारत भवन, भोपाल में ‘सदानीरा समागम’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि उज्जैन में आयोजित होने वाला सिंहस्थ 2028 एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होगा। सरकार का लक्ष्य है कि 24 घंटे में 5 करोड़ श्रद्धालु घाटों पर स्नान कर सकें। शिप्रा नदी के दोनों तटों पर करीब 30 किलोमीटर में फैले घाटों का निर्माण और विकास किया जाएगा।
डॉ. यादव ने बताया कि सिंहस्थ के साथ-साथ जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश को नई दिशा देने जा रहा है। 30 मार्च से 30 जून तक चल रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के जरिए गांव-गांव और शहर-शहर में जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया गया है।
जल संरक्षण में खण्डवा अव्वल
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन का मूल है और यह ऑक्सीजन भी प्रदान करता है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार खण्डवा जिला जल संरक्षण में देशभर में प्रथम स्थान पर रहा है। इस अभियान में समाज और सरकार की सहभागिता ने जल संरक्षण को जन आंदोलन में बदल दिया है।
‘सदानीरा समागम’ में जल संस्कृति पर केंद्रित आयोजन
सदानीरा समागम के अंतर्गत छह दिवसीय गतिविधियों में डॉक्यू-ड्रामा, नृत्य-नाटिका, काव्य पाठ ‘नदीनामा’, फिल्में और चित्र प्रदर्शनी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने ‘जल धारा’, ‘पृथ्वी पानी का देश’ जैसे कई ग्रंथों और विशेष डाक्यूमेंट्री सीरीज का लोकार्पण भी किया।
सांस्कृतिक संस्थानों की भागीदारी से समृद्ध हुआ समागम
इस आयोजन में संस्कृति विभाग के साथ जनसंपर्क विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, पुरातत्व संचालनालय, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय, रविन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय सहित अनेक संस्थानों की भागीदारी रही।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया और नर्मदा पथ की तस्वीरों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर सांसद वीडी शर्मा, अभिनेता अन्नू कपूर, फोटोग्राफर राजेन्द्र जांगले, तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।