महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी का वीडियो वायरल, डीएसपी की बढ़ीं मुश्किलें
जयपुर
राजस्थान के चूरू जिले में एक महिला कांस्टेबल को ड्यूटी के दौरान थप्पड़ मारने के वायरल वीडियो ने तूल पकड़ लिया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक आरपीएस अधिकारी, डीएसपी सुनील झाझड़िया, पर आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल की पीठ पर हाथ उठाया।
इस घटना पर नागौर के सांसद और आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि यह कृत्य “निंदनीय और अशोभनीय” है। बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से डीएसपी को तत्काल सस्पेंड करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से राजस्थान पुलिस में कार्यरत महिला कर्मियों का मनोबल टूटता है और असुरक्षा की भावना पैदा होती है।
बेनीवाल ने डीजीपी से की बात
बेनीवाल ने मामले को लेकर डीजीपी से भी बातचीत की है और इस घटना को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उनका कहना है कि इस तरह के आचरण से पूरे विभाग की छवि धूमिल होती है।
चूरू पुलिस ने वायरल वीडियो को बताया एडिटेड
वहीं, चूरू पुलिस ने वायरल वीडियो को एडिटेड और झूठा बताते हुए इसका खंडन किया है। पुलिस ने वीडियो को लेकर आईटी एक्ट और भारत न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत एफआईआर भी दर्ज की है। फिलहाल, मामले की जांच चल रही है।
