अयोध्या से गूंजा बजरंगबली का संदेश, योगी बोले- आतंकवाद से होगा पाकिस्तान का अंत
अयोध्या
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान हनुमानगढ़ी में नव निर्मित श्रीहनुमत कथा मंडपम का भव्य लोकार्पण किया। उन्होंने इसे केवल एक भवन नहीं, बल्कि सनातन धर्म की भावी पीढ़ियों के लिए एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमानगढ़ी सिर्फ एक मंदिर नहीं, बल्कि भक्ति, शक्ति, बुद्धि और युक्ति का संगम है। यह स्थान सनातन धर्म के योद्धा भाव का प्रतीक है और यहां बना श्रीहनुमत कथा मंडपम उस परंपरा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या आज विश्वभर के सनातन धर्म मानने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले अयोध्या उपेक्षित थी—टूटी सड़कें, बिजली की कमी और गंदगी आम बात थी। लेकिन अब डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से यहां आधुनिक सुविधाओं की बुनियाद रखी जा चुकी है—फोरलेन सड़कें, अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट इसका प्रमाण हैं। दीपोत्सव जैसे भव्य आयोजनों ने अयोध्या को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित किया है।
आतंकवाद और पाकिस्तान पर सख्त रुख
सीएम योगी ने पाकिस्तान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उसका अंत नजदीक है और आतंकवाद ही उसके विनाश का कारण बनेगा। उन्होंने कहा, “भारत कभी किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई भारत को छेड़े, तो उसे छोड़ा भी नहीं जाता यह नीति हमें बजरंगबली से मिली है।”
शहीदों को सम्मान
मुख्यमंत्री ने हाल ही में पूर्वोत्तर सीमा पर शहीद हुए लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शहीदों के परिवारों को ₹50 लाख की आर्थिक सहायता, एक परिजन को सरकारी नौकरी और शहीद के नाम पर स्मारक का निर्माण कर रही है।
राम मंदिर और सनातन की विजयगाथा
सीएम योगी ने श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य मंदिर को 500 वर्षों के अंधकार का अंत बताया और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने याद किया कि उनके गुरु महंत अवैद्यनाथ, अशोक सिंघल और रामचंद्र दास जी महाराज जैसे संन्यासियों के प्रयासों से यह स्वप्न साकार हो सका।
हनुमानगढ़ी, जहां मान्यता अनुसार भगवान राम के लौटने के बाद हनुमान जी ने निवास किया, आज भी नागा साधुओं की उपस्थिति के चलते एक धर्म-सैनिक छावनी के रूप में प्रतिष्ठित है। श्रीहनुमत कथा मंडपम के निर्माण से यह स्थल एक नई अध्यात्मिक ऊंचाई पर पहुंच गया है।
इस अवसर पर अनेक संत-महंत, रामजन्मभूमि ट्रस्ट के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट में योगदान देने वालों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित भी किया।
