इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था महिला संग आपत्तिजनक वीडियो
गोंडा
भाजपा ने आखिरकार गोंडा जिले के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लिया गया जिसमें वह एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर 12 अप्रैल 2025 की रात का बताया गया है।
वीडियो में अमर किशोर कश्यप पहले कार्यालय से बाहर आते हैं, कुछ लोगों से बात करते हैं और फिर एक सफेद कार कार्यालय में प्रवेश करती है। महिला उस कार से उतरती है और जिलाध्यक्ष के साथ कार्यालय में जाती है। सीढ़ियों के पास दोनों की स्थिति आपत्तिजनक बताई जा रही है, जिसके बाद वे ऊपर एक कमरे में चले जाते हैं।
अनुशासनहीनता के आरोप में जिलाध्यक्ष को किया गया निष्कासित
25 मई को भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल ने जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। 28 मई को प्राप्त स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर 11 जून को अमर किशोर कश्यप को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। भाजपा ने इसे घोर अनुशासनहीनता करार दिया।
महिला ने कहा – ‘भाई जैसे हैं’, बदनाम करने की साजिश
इस बीच, वीडियो में नजर आने वाली महिला ने छपिया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। उसने कहा कि वायरल वीडियो से न केवल उसका बल्कि भाजपा जिलाध्यक्ष, जो उसके अनुसार भाई जैसे हैं, उनका भी नाम बदनाम किया जा रहा है। पुलिस ने केस को मनकापुर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया है, जहाँ मामले की जांच जारी है।