जहांगीराबाद मार्ग पर नींद के कारण हुआ हादसा, घायलों को मेडिकल सेंटर किया रेफर
बुलंदशहर
बुलंदशहर के जहांगीराबाद मार्ग पर शुक्रवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। रोडा इंटर कॉलेज के पास कैंटर और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 31 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के मोड़ा भट्टी स्थित ईंट-भट्टे से मजदूरी कर कैंटर में सवार होकर गांव वापस लौट रहे शाहजहांपुर के मीयापुर सिंधोली निवासी 25 वर्षीय रवि पुत्र उमेश, शिवदेई पत्नी लल्लू और कैंटर चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। कैंटर चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
घायल मरीजों को हायर मेडिकल सेंटर किया रेफर
घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए 27 मरीजों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। मृतकों और घायलों में विभिन्न गांवों के लोग शामिल हैं, जिनके नामों की विस्तृत सूची पुलिस ने जारी की है।
नींद के कारण हुआ भीषण सड़क हादसा
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया कि हादसा नींद आने के कारण हुआ है। जहांगीराबाद मार्ग पर हाईसाइड इलाके में सड़क पर ब्रेकर लगा हुआ है, जहां ट्रक चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन पीछे चल रहे कैंटर चालक नींद में होने के कारण ट्रक में जा टकराया।
घायलों ने बताया कि वे आठ महीने पहले पंजाब के मोड़ा भट्टी स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी करने गए थे और गुरुवार देर रात कैंटर में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। कैंटर पंजाब से ही किराए पर लिया गया था।
डीएम श्रुति, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मनीषा जिंदल ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल जाना और जल्द स्वस्थ होने का भरोसा दिया।
