संतों के आशीर्वाद के साथ सीएम रेखा ने जताई यमुना स्वच्छता की प्रतिबद्धता
रुद्रप्रयाग
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ धाम में भी दर्शन किए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को हरिद्वार पहुंची थीं, जहां उन्होंने सबसे पहले अपने पति के साथ हरकी पैड़ी जाकर गंगा नदी में स्नान किया। इस दौरान गंगा सभा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका हरिद्वार का पहला दौरा था।
100 दिन के कार्यकाल का पुण्य स्थल पर जश्न
रेखा गुप्ता ने कहा कि मां गंगा का स्नान उनके लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में पुण्य भूमि हरकी पैड़ी पर आकर मां गंगा के चरणों में नमन किया और देश के विकास व दिल्ली के उन्नति की कामना की।
यमुना नदी की सफाई के लिए संकल्पित अभियान
उन्होंने यह भी कहा कि संतों की इच्छा के अनुसार वे चाहती हैं कि एक दिन यमुना नदी में भी स्नान किया जाए। इसलिए यमुना नदी की स्वच्छता के लिए अभियान पूरे कार्यकाल में निरंतर चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि धर्म नगरी में गंगा स्नान कर उन्होंने संतों का आशीर्वाद लिया है और इसी संकल्प के साथ वे आगे कार्य करेंगे। ये बातें उन्होंने कनखल में आयोजित वात्सल्य गंगा आश्रय के लोकार्पण के दौरान कही।