Uttarakhand उत्तराखंड के नैनीताल में रेप की घटना के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया गया. 60 साल के मुस्लिम ठेकेदार पर 12 साल की लड़की के साथ रेप किए जाने के आरोप से गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए. उन्होंने घटना के विरोध में प्रदर्शन के साथ मुस्लिम समाज के प्रतिष्ठानों पर जमकर तोड़फोड़ की. गुस्साई भीड़ ने मल्लीताल इलाके की एक मस्जिद पर भी पथराव किया और लोगों के साथ मारपीट की गई.स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को लाठी चलानी पड़ी. पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार किया है. इलाके में शांति बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान उस्मान के रूप में की गई है, जो पेशे से ठेकेदार है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़ित लड़की की मेडिकल जांच कराई गई है. गुरुवार को नैनीताल का बाजार बंद रखा गया है.

पुलिस का कहना है कि कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ की गई.मामला बुधवार की रात का है, जब बुजुर्ग ठेकेदार उस्मान पर हिंदू नाबालिग लड़की से रेप का आरोप लगा. पुलिस ने पीड़ित लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा. जैसे ही इस बात की खबर लोगों को हुई तो वह इसके विरोध में इकट्ठा हो गए. हिंदू वादी संगठनों के लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.अचानक इकट्ठा हुई भीड़ उग्र हो गई और मुस्लिम समाज के प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी. भीड़ के द्वारा पास की एक मस्जिद पर पथराव किया गया. पुलिस ने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगा रही भीड़ ने वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया और गाड़ी पड़ाव इलाके के घरों पर पथराव किया, जिससे उनकी खिड़कियों के शीशे टूट गए और लोग दहशत में आ गए.
