जांच एजेंसियों ने आतंकवादी गतिविधियों का किया भंडाफोड़
हैदराबाद
देशभर में बड़े बम धमाकों की साजिश को सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया है। हैदराबाद पुलिस ने ISIS से जुड़े दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय सिराज-उर-रहमान और 28 वर्षीय सैयद समीर के रूप में हुई है। ये गिरफ्तारी आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान हुई।
सिराज विजयनगरम का निवासी है, जिसने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर नौकरी की तलाश में था। वहीं, समीर सिकंदराबाद के बोइगुड़ा इलाके का रहने वाला है और एक लिफ्ट ऑपरेटिंग कंपनी में काम करता था। पहले सिराज को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद पूछताछ में उसने समीर का नाम उजागर किया। समीर को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच एजेंसियों ने बताया कि दोनों ‘अल हिंद इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AHIM)’ नामक संगठन के तहत देशभर में आतंकी हमलों की योजना बना रहे थे। उनकी गतिविधियों पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी।
सैन्य जानकारी लीक करने वाला आरोपी गिरफ्तार
इसी बीच, हरियाणा के नूंह जिले में भी एक बड़ी कार्रवाई हुई है, जहां 26 वर्षीय अर्मान को भारतीय सेना से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान को भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, हरियाणा के मस्तगढ़ चीका गांव से देवेंद्र सिंह नामक पीजी डिप्लोमा छात्र को भी ISI के संपर्क में होने के कारण गिरफ्तार किया गया।
उत्तर प्रदेश के टांडा से शहजाद नामक व्यक्ति को भी पकड़ा गया है, जो पाकिस्तान आता-जाता था और वहीं से कपड़े, मसाले, कॉस्मेटिक्स आदि की तस्करी करता था। वह ISI के लिए काम कर रहा था।
हिसार की महिला यूट्यूबर पर जासूसी का आरोप
इस पूरे जासूसी नेटवर्क में हिसार की महिला यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का नाम भी सामने आया है। ज्योति को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह मार्च में पाकिस्तान गई थी और इससे पहले भी दो बार वहां जा चुकी है। उसने अपने यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान यात्रा से संबंधित वीडियो भी अपलोड किए थे।
