व्हाट्सएप से भेजी गईं सैन्य तस्वीरें और सूचनाएं, मोबाइल से मिले पुख्ता सबूत
हरियाणा
हरियाणा के नूंह जिले में एक और पाकिस्तानी जासूस की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। तावडू उपमंडल के गांव कांगरका निवासी मोहम्मद तारीफ को रविवार देर शाम गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, तारीफ भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारियों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेज रहा था।
पकड़े जाने से पहले चैट डिलीट करने की कोशिश
तारीफ को बावला गांव स्थित राधा स्वामी सत्संग के पास से हिरासत में लिया गया। पुलिस टीम को देखकर उसने अपने मोबाइल से कुछ चैट्स डिलीट करने की कोशिश की, लेकिन विशेषज्ञों ने डिलीटेड डेटा को रिकवर कर लिया। मोबाइल जांच में पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबरों के साथ चैट, सैन्य गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए।
गुप्त जानकारी के बदले में मिलते थे पैसे
जांच में सामने आया कि तारीफ पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत आसिफ बलोच और बाद में जाफर नामक कर्मचारियों को संवेदनशील सूचनाएं भेजता था। बदले में उसे समय-समय पर पैसे दिए जाते थे। पुलिस के अनुसार, तारीफ पाकिस्तान जाने के इच्छुक लोगों को वीजा दिलवाने के नाम पर भी मदद करता था, जो जांच के दायरे में है।
अरमान की गिरफ्तारी से खुला राज
इससे दो दिन पहले राजाका गांव से अरमान नामक युवक को भी जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसी जांच में तारीफ का नाम सामने आया। तावडू सदर थाने में देशद्रोह, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, और आईपीसी की अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा
हरियाणा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों का मानना है कि तारीफ की गतिविधियां देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा थीं। मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।
