छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में भीषण मुठभेड़, 27 नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़
डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में चल रही मुठभेड़ में अब तक 27 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मौके से भारी संख्या में हथियार और नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। एक जवान की शहादत और एक घायल होने की भी सूचना है।
नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा के माड़ इलाके में सुरक्षाबलों ने नक्सली नेताओं को घेर रखा है। दोनों पक्षों के बीच फायरिंग जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष नक्सली बसवराजू (नंबाला केशव राव) भी मारे गए हैं। यह अभियान अबूझमाड़ में नक्सली गढ़ पर बड़ा झटका माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने दी जवानों को बधाई
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ पुलिस को सफलता पर बधाई दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस ऐतिहासिक सफलता के लिए जवानों को शुभकामनाएं दी हैं।
अमित शाह ने बताया ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बसवराजू की हत्या को नक्सलवाद के खिलाफ तीन दशकों की लड़ाई में पहली बार महासचिव स्तर के नेता की हत्या बताते हुए इसे ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ कहा है।
