CM योगी का मास्टरस्ट्रोक, बेटी की शादी पर सरकार देगी 1 लाख रुपये, जानें पूरी डिटेल
मीरजापुर
उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में बड़ा बदलाव करते हुए बेटियों की शादी में दी जाने वाली सहायता राशि को दोगुना कर दिया है। अब इस योजना के तहत सरकार प्रत्येक जोड़े पर कुल 1 लाख रुपये खर्च करेगी। पहले यह राशि 51 हजार रुपये थी।
इस नई व्यवस्था के तहत:
- 60,000 रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे।
- 25,000 रुपये के उपहार प्रदान किए जाएंगे।
- शादी के आयोजन पर 15,000 रुपये प्रति जोड़ा खर्च किए जाएंगे।
यह जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी त्रिनेत्र कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इससे पहले:
- 35 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाते थे।
- 10 हजार की सामग्री दी जाती थी।
- आयोजन पर मात्र 6 हजार रुपये खर्च होते थे।
आवेदन प्रक्रिया और पात्रता:
इस योजना का लाभ उठाने के लिए परिवार की सालाना आय 2 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
- शहरी क्षेत्रों में आवेदकों को अधिशासी अधिकारी से संपर्क करना होगा।
- ग्रामीण क्षेत्रों में आवेदन ब्लॉक स्तर पर बीडीओ के माध्यम से किया जाएगा।
- आवेदन ऑनलाइन पोर्टल पर जमा होंगे और पात्रता जांच के बाद विवाह की अनुमति दी जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि इस नई व्यवस्था से गरीब अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी।
