तेज रफ्तार लोडर ने छीनी दो जिंदगियां
कानपुर
कानपुर के कल्याणपुर इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रही नर्सिंग छात्रा और उसके नाबालिग भाई की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब 19 वर्षीय अलशिफा शाह और उसका 16 वर्षीय भाई तौहीद स्कूटी से अरौल स्थित कॉलेज की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे केसा चौराहे के पास पहुंचे, तेज रफ्तार लोडर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए और करीब 25 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे। हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर पनकी रोड पुलिस चौकी स्थित है, लेकिन तत्काल कोई मदद नहीं पहुंच सकी। हादसे के बाद आरोपी लोडर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अलशिफा मसवानपुर निवासी मो. शकील की बेटी थी और अरौल स्थित एक कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह बीए प्रथम वर्ष की भी छात्रा थी। बताया गया कि अलशिफा मंगलवार को ही राजस्थान से नर्सिंग प्रवेश परीक्षा देकर लौटी थी और अगले ही दिन उसका सेमेस्टर पेपर था।
हेलमेट नहीं पहनने से सिर में आई गंभीर चोटें
हादसे के समय अलशिफा खुद स्कूटी चला रही थी और उसने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि आरोपी चालक हादसे के बाद बच्चों को अस्पताल पहुंचा देता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
फरार लोडर चालक की तलाश जारी
कल्याणपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार लोडर चालक की पहचान और तलाश की जा रही है।
