वंदे भारत ट्रेन का किराया और टाइमिंग, जानिए पूरी डिटेल्स
श्रीनगर
देश में रेलवे यात्रा के अनुभव को नई ऊँचाइयों पर पहुंचाने वाली वंदे भारत ट्रेन अब माता वैष्णों देवी कटरा से श्रीनगर तक अपनी सेवाएं दे रही है। यह ट्रेन 7 जून से शुरू होकर सप्ताह में छह दिन चलेगी (मंगलवार को बंद रहेगी) और यात्रियों को आरामदायक सफर प्रदान करेगी।
ट्रेन की टाइमिंग और मार्ग
कटरा से ट्रेन सुबह 8:10 बजे रवाना होगी। बनिहाल स्टेशन पर यह 2 मिनट का स्टॉप करेगी और फिर सुबह 11:10 बजे श्रीनगर पहुंच जाएगी। इसके अलावा दोपहर 2:55 बजे कटरा से दूसरी वंदे भारत ट्रेन चलेगी जो शाम 6 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
दुनिया का सबसे ऊंचा चिनाब रेलवे ब्रिज
इस रूट की खास बात है दुनिया का सबसे ऊंचा चिनाब रेलवे ब्रिज जिसकी ऊँचाई 359 मीटर है। यह पुल 300 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा और 8 तीव्रता के भूकंप को झेलने में सक्षम है। पुल के नीचे से भारत की सबसे तेज़ बहने वाली नदी चिनाब गुजरती है। इसे धमाकों और आतंकवादी हमलों से बचाने के लिए युद्धस्तर की सुरक्षा दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पुल का उद्घाटन किया है जो कश्मीर को देश से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत ट्रेन
ट्रेन में हीटर दिया गया है जिससे यह 15 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान को झेल सकती है। सीटें 360 डिग्री घूमने वाली हैं जिससे यात्री पूरी तरह आराम महसूस करें। हर सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स उपलब्ध हैं। पानी और बायो-टॉयलेट पाइप के जमने से बचाने के लिए सिलिकॉन हीटिंग पैड लगाए गए हैं।
किराया और टिकट जानकारी
कटरा से सुबह चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में चेयर कार का किराया 715 रुपए और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1320 रुपए है। दोपहर को चलने वाली ट्रेन में चेयर कार का किराया 880 रुपए और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1515 रुपए है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए वरदान
यह ट्रेन कश्मीर की खूबसूरत वादियों से होकर गुज़रती है और यात्रियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगी। कश्मीर के लोगों और पर्यटकों दोनों के लिए यह सेवा क्षेत्र के विकास और संपर्क को मजबूती देती है।
