भारत सरकार का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, ईरान से लौटे 290 भारतीय नागरिक
नई दिल्ली
ऑपरेशन सिंधु के तहत शुक्रवार रात एक विशेष विमान 290 भारतीय छात्रों को लेकर ईरान से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित पहुंचा। जैसे ही विमान ने रात 11:25 बजे रनवे पर लैंड किया, यात्रियों ने जोरदार तालियों और “भारत माता की जय” के नारों के साथ अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
इस उड़ान का संचालन ईरानी एयरलाइन महान एयर ने किया था। उड़ान संख्या W5071 ने शुक्रवार शाम 6:30 बजे (भारतीय समयानुसार) तेहरान के इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। यह विमान अफगानिस्तान और पाकिस्तान की वायुसीमा पार करता हुआ सबसे पहले राजस्थान की सीमा में दाखिल हुआ, फिर हरियाणा होते हुए दिल्ली पहुंचा।
विमान के टर्मिनल पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के परिजन उन्हें लेने के लिए पहले से ही मौजूद थे। गले मिलते हुए कई आंखें नम दिखीं।
इससे पहले ऑपरेशन सिंधु के तहत भारतीयों का पहला जत्था गुरुवार सुबह आर्मेनिया के रास्ते भारत लाया गया था। यह जत्था हालांकि पहला ऐसा है जो सीधे ईरान की धरती से भारत पहुंचा है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को भी दो और विशेष विमान ईरान से भारतीय नागरिकों को लेकर नई दिल्ली पहुंचेंगे।
