IPL जीत के बाद खुला राज, यश दयाल की लव स्टोरी में ट्विस्ट पे ट्विस्ट
नई दिल्ली
भारत के उभरते क्रिकेटर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि यश ने शादी का वादा कर न सिर्फ उनका मानसिक और शारीरिक शोषण किया, बल्कि इस दौरान कई अन्य महिलाओं से भी संबंध बनाए। मामला अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच चुका है, जहां शिकायत दर्ज कर दी गई है।
गाजियाबाद की रहने वाली महिला ने बताया कि वह 2020 से यश दयाल के साथ रिश्ते में थीं। यश उन्हें कई बार अपने परिवार से भी मिलवा चुके थे, और उन्होंने कुछ समय उनके घर में भी बिताया था। लेकिन अब महिला का दावा है कि पिछले ढाई वर्षों में यश का कई अन्य लड़कियों से संबंध रहा।
तीन और लड़कियों से रहे संबंध
पीड़िता के अनुसार, यश ने सिर्फ उन्हें ही नहीं बल्कि कम से कम तीन अन्य लड़कियों को भी धोखा दिया है। इन तीनों में से कुछ अभी भी पीड़िता के संपर्क में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश दयाल ने सभी को शादी और गंभीर रिश्ते का भरोसा देकर फंसाया।
परिवार और खिलाड़ी की चुप्पी
फिलहाल यश दयाल और उनके परिवार की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो और कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें यश और पीड़िता साथ नजर आ रहे हैं। यह तस्वीरें आईपीएल 2022 के समय की बताई जा रही हैं, जब यश गुजरात टाइटंस का हिस्सा थे।
RCB खिलाड़ी की शादी में भी साथ दिखे थे दोनों
पीड़िता ने यह भी कहा कि फरवरी 2025 में वह और यश एक RCB खिलाड़ी की शादी में एक साथ शामिल हुए थे। उस दौरान दोनों के बीच सगाई को लेकर भी चर्चा हुई थी।
खेल जगत में मचा हड़कंप
आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन कर चुके यश दयाल अब मैदान से ज्यादा खबरों में बने हुए हैं। उन पर लगे आरोपों से उनका क्रिकेट करियर भी खतरे में पड़ सकता है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और यश की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।