CRPF कैंप से लापता अभिषेक, जवान की गुमशुदगी बनी पहेली
आगरा
उत्तर प्रदेश के मुरली बिहार इलाके से ताल्लुक रखने वाले और CRPF में क्लर्क पद पर तैनात अभिषेक शर्मा बीते पांच दिनों से लापता हैं। आखिरी बार उनकी लोकेशन 26 मई को सुबह 7:30 बजे जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित एमएच चौक पर मिली थी। इससे एक दिन पहले यानी 25 मई को उन्होंने अपनी मां से आखिरी बार फोन पर बात की थी। 15 जून को अभिषेक घर छुट्टी पर आने वाले थे और परिवार उनकी शादी की तैयारियों में व्यस्त था।
अभिषेक फरवरी 2024 में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में उधमपुर के जखैरी कैंप में सेवाएं दे रहे थे। रोज़ाना की तरह वे 7 से 8 बजे के बीच उठते थे, लेकिन 26 मई को वह सुबह 6 बजे ही कैंप से निकल गए। उन्होंने एक जूनियर को कॉल कर बताया कि ऑफिस में देर से आएंगे और काम को संभालने की बात कही। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद है और उनका कोई अता-पता नहीं है।
सेना और परिवार की संयुक्त तलाश
अभिषेक के बड़े भाई अंकुर शर्मा को 26 मई को सेना की ओर से फोन आया, जिसमें पूछा गया कि क्या अभिषेक घर पहुंचे हैं। जवाब “नहीं” मिलने पर ही परिवार को उनके लापता होने की खबर मिली। 27 मई को अंकुर, उनके जीजा गजेन्द्र भारद्वाज और ताऊ तुरंत उधमपुर रवाना हो गए। सेना ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उच्च अधिकारियों को सूचित कर हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मां की हालत बिगड़ी, परिवार टूट चुका है
अभिषेक की बहन नीतू ने बताया कि इस खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। मां कमलेश गहरे सदमे में हैं और अब बोल भी नहीं पा रही हैं। घर में शादी की तैयारियों की रौनक अब चिंता और आंसुओं में बदल चुकी है। रिश्तेदार हाल-चाल लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन सभी की निगाहें एक ही सवाल पर टिक गई हैं “अभिषेक कब लौटेगा?”
पड़ोसियों की जुबानी
पड़ोसी अतुल दुबे ने बताया कि अभिषेक बेहद मिलनसार, जिम्मेदार और परिवार के प्रति समर्पित युवक है। वह जब भी घर आता, पूरे मोहल्ले से मिलना नहीं भूलता था। पढ़ाई में भी होशियार था। मोहल्लेवालों की भी यही दुआ है कि अभिषेक सकुशल घर लौट आए और परिवार फिर से मुस्कुरा सके।
